कराची । पाकिस्तान ने गुजरात में जनसभा के दौरान कश्मीर के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी को खारिज कर दिया। पाकिस्तान ने कहा कि पीएम मोदी का यह तर्क हैं कि उन्होंने किसी तरह, “कश्मीर मुद्दे का समाधान” किया है, न केवल गलत और भ्रामक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारतीय नेतृत्व जमीनी हकीकत से कितना बेखबर है। दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अन्य रियासतों के विलय से संबंधित मुद्दों को हल कर दिया था लेकिन “एक व्यक्ति” कश्मीर मुद्दे को नहीं सुलझा सका। उन्होंने कहा, मैं चूंकि सरदार साहब के नक्शे कदम पर चलता हूं, मुझ में सरदार पटेल की भूमि के मूल्य हैं और यही कारण है कि मैंने कश्मीर की समस्या का समाधान कर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी।’’
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय (एफओ) ने पीएम मोदी की टिप्पणी को साफ तौर पर खारिज कर कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री का “हास्यास्पद तर्क है, कि उन्होंने किसी तरह, ‘कश्मीर मुद्दे को हल किया’, यह न सिर्फ गलत और भ्रामक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारतीय नेतृत्व जम्मू-कश्मीर में जमीनी हकीकत से कितना बेखबर हो गया है। एफओ ने एक बयान में कहा गया है कि जम्मू कश्मीर अंतरराष्ट्रीय तौर पर पहचाने जाना वाला विवाद है जिसका समाधान 1948 से संयुक्त राष्ट्र के एजेंडे में रहा है।
