वेलिंटन । विदेश मंत्री के रूप में अपने पहले न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंचे एस. जयशंकर का गर्मजोशी से पारंपरिक ‘माओरी तरीके से स्वागत किया गया। आधिकारिक बैठकों के शुरू होने से पहले जयशंकर का स्वागत पोहिरी नामक पारंपरिक माओरी समारोह के साथ किया गया। इस मौके पर भारतीय समुदाय के कुछ लोगों ने हिंदी फिल्म पूरब और पश्चिम का लोकप्रिय गीत है प्रीत जहां की रीत भी गाया। इसके अलावा दोनों देशों की संस्कृतियों को दर्शाने वाले कुछ कार्यक्रम भी आयोजित हुए।
समारोह का समापन पारंपरिक माओरी अभिवादन के साथ हुआ जिसे होंगी कहा जाता है, जिसमें आगंतुक अपने माओरी मेजबानों के साथ नाक और माथे को स्पर्श करते हैं। जयशंकर ने ट्वीट किया, पारंपरिक माओरी स्वागत के साथ आज से अपने पहले न्यूजीलैंड दौरे के तहत आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस स्वागत से बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं।
माओरी स्वागत समारोह में व्हाइकोरेरो (औपचारिक भाषण), वैता (गायन) और काई (भोजन) शामिल हैं। विदेश मंत्री ने भारतीय समुदाय के विकास के लिए व्यक्तिगत योगदान की उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न के साथ कीवी इंडियन हॉल ऑफ फेम अवार्ड्स 2022 में भी हिस्सा लिया।
