नई दिल्ली । त्योहारी मौसम में एक के बाद एक राज्य अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी कर उन्हें तोहफा दे रहे हैं। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों को भी जल्द बड़ी खुशी मिलने की उम्मीद है। सरकार एक ओर जहां डीए में बढ़ोतरी का फैसला ले सकती है, तो वहीं फिटमेंट फैक्टर पर भी बड़ा ऐलान किया जा सकता है। अगर फिटमेंट फैक्टर में बढ़ता है, तो कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक वेतन में बड़ा इजाफा देखने को मिलेगा। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सरकार दशहरे से पहले डीए के साथ फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने की घोषणा कर केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली का गिफ्ट दे सकती है। ये कर्मचारियों के लिए दोहरी खुशी होगी। बता दें केंद्र सरकार के कर्मचारी लंबे समय से इस फैक्टर में वृद्धि की मांग कर रहे हैं। अभी यह 2.57 फीसदी है, जिसे बढ़ाकर 3.68 फीसदी करने की मांग की जा रही है। ऐसा होने पर कर्मचारियों की न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपए से 26,000 रुपए हो जाएगी। नया वित्तीय वर्ष शुरू होने से पहले केंद्रीय कर्मचारियों के फिटमेंट फैक्टर में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब एक बार फिर दिवाली या दशहरे से पहले फिटमेंट फैक्टर में भी बढ़ोतरी उम्मीद फिर से बनी है।
हालांकि अभी केंद्र सरकार की ओर से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिटमेंट फैक्टर केंद्र सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए बेसिक वेतन का निर्धारण करता है. दूसरे शब्दों में कहें तो कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन में इस फैक्टर का सबसे अहम रोल होता है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि इसकी वजह से केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में जोरदार बढ़ोतरी होती है। आखिरी बार साल 2016 में फिटमेंट फैक्टर में बढ़ोतरी की गई थी। इसी साल 7वां वेतन आयोग भी लागू किया गया था।
