नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली एम्स में भर्ती स्टैंडअप कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा से फोन पर बातचीत कर उनके पति का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने राजू के इलाज में हर संभव मदद का भरोसा दिया। आपको बता दें कि राजू श्रीवास्तव बुधवार को उस समय हार्ट अटैक आया था, जब वह दिल्ली के एक होटल के जिम में ट्रेडमिल पर दौड रहे थे। वह इसी होटल में ठहरे हुए थे। उन्हें तत्काल दिल्ली एम्स ले जाया गया। इलाज के पहले 48 घंटे तक राजू श्रीवास्तव होश में नहीं थे। इस बीच उनके स्वास्थ्य को लेकर एक राहत भरी खबर आई है। पिछले दो दिन से उनकी हालत में कोई सुधार देखने को नहीं मिला था, लेकिन तीसरे दिन उनके शरीर ने रिस्पॉन्ड करना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार रात करीब 10 बजे राजू की पत्नी से फोन पर बात कर इस मशहूर स्टैंडअप काॅमेडियन का हाल जाना। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी राजू की सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पीएम मोदी ने एम्स के डॉक्टरों से भी बात कर पूरी स्थिति के बारे में जानकारी ली है।राजू श्रीवास्तव भाजपा नेता भी हैं। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस मुश्किल वक्त में राजू के परिवार की पूरी मदद की जाए। डॉक्टरों के मुताबिक राजू के शरीर का रिस्पॉन्ड करना एक अच्छा संकेत है। उनका इलाज कर रहे कार्डियोलॉजिस्ट डॉ संदीप के मुताबिक 48 घंटे में पहली बार उन्होंने खुद से अपने पैर मोड़े हैं जो कि एक पॉजिटिव साइन है। हालांकि, राजू श्रीवास्तव का ब्रेन सपोर्ट नहीं करने से अब न्यूरोलॉजी विभाग की टीम भी उनकी देखरेख में लगी है।
