वार्ड क्रमांक 3 में भाजपा के राष्ट्रीय नेता कि पत्नी और कांग्रेस कि जमीनी कार्यकर्ता अनीता भदौरिया के बीच है सीधा मुकाबला
नाम बड़े दर्शन खोटे
मंदसौर। एक तरफ तो भाजपा में राष्ट्रीय नेतृत्व यह कहता है कि भाजपा में वंशवाद नहीं चलेगा। दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय नेता बंशीलाल गुर्जर, राष्ट्रीय नेता होकर वंशवाद को बढ़ावा दे रहे हैं और छोटे-छोटे चुनाव में अपने परिजनों को खड़ा कर रहे हैं। पंचायत चुनाव के पहले चरण का नतीजा कल आया जिसमें बंशीलाल गुर्जर के पुत्र, भतीजे की पत्नी और समधी चुनाव में हार गए। इधर मंदसौर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 3 से भाजपा के राष्ट्रीय नेता बंशीलाल गुर्जर की पत्नी पार्षद जैसा छोटा चुनाव लड़ रही है, यहां नतीजा क्या होता है परिणाम आने पर पता चल ही जाएगा। लेकिन पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद बंशीलाल गुर्जर खेमे में निराशा छाई हुई है। वार्ड क्रमांक 3 से रमादेवी गुर्जर को नगर पालिका पार्षद बनाने के लिए बंशीलाल गुर्जर और उनकी पूरी टीम एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इस वार्ड में एक तरफ राष्ट्रीय नेता की पत्नी पार्षद का चुनाव लड़ रही है, तो वहीं कांग्रेस से जमीनी कार्यकर्ता अनीता भदोरिया राष्ट्रीय नेता की पत्नी से मुकाबला कर रही है। वार्ड की जनता से सतत संपर्क रखने वाली अनीता भदोरिया को वार्ड की जनता का आशीर्वाद भी मिल रहा है और यह सब जीवंत संपर्क बनाए रखने से संभव हो पा रहा है। एक तरफ धनाढ्य और सत्ताधारी दल के राष्ट्रीय नेता एवं उनकी बहुत बड़ी टीम वार्ड क्रमांक 3 में रमादेवी गुर्जर को जिताने में लगी है। वहीं दूसरी ओर साधारण परिवार की जमीनी कार्यकर्ता अपने सीमित संसाधनों, सीमित खर्चे और सीमित टीम के साथ राष्ट्रीय नेता की पत्नी से मुकाबला कर रही है। वार्ड क्रमांक 3 में नतीजे रामादेवी गुर्जर के पक्ष में आते हैं तो ठीक वरना राष्ट्रीय नेता बंशीलाल गुर्जर की बुरी तरह किरकिरी होना तय है। इधर चौराहों पर चर्चा है कि जनपद के चुनाव, ग्राम पंचायत के चुनाव, मंडी के चुनाव, सब लड़ने के बाद अब गुर्जर परिवार को नगर पालिका में दखल देने की क्या आवश्यकता थी। यह चर्चा चौराहों की है लेकिन चुनाव लड़ने का अधिकार सबको है, नियम के तहत सब चुनाव लड़ सकते हैं, हराना किसे है और जिताना किसे यह जनता बहुत अच्छे से समझती है। बहरहाल नगर पालिका मंदसौर के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी है, क्योंकि कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां के नतीजों का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा है।
