*इंदौर 04 सितंबर 2026*। प्रदेश में योगासन को प्रोत्साहित करने और युवा प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही ‘लक्ष्य मंथन योगासन प्रतियोगिता’ का द्वितीय क्वालिफाइंग राउंड 6 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन लक्ष्य पर्यावरण एवं वाटर सॉल्यूशन वेलफेयर सोसायटी द्वारा योग आयोग, मध्य प्रदेश शासन के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद नन्दवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम क्वालिफाइंग राउंड के बाद अब द्वितीय चरण में भी प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों, योग संस्थानों, प्रशिक्षण केंद्रों एवं स्वतंत्र योग साधकों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में योग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपनी योग प्रतिभा को प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देना है।
द्वितीय क्वालिफाइंग राउंड 6 सितंबर को सेंट अर्नोल्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, स्कीम नंबर 74, विजय नगर, इंदौर में आयोजित होगा। इस चरण में प्रतिभागी व्यक्तिगत योगासन तथा दो प्रतिभागियों की जोड़ी के रूप में निर्धारित नियमों एवं योग प्रोटोकॉल के अनुसार अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रतियोगिता 14 से 20 वर्ष के बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागी शामिल होंगे। इसके साथ ही 20 वर्ष से अधिक आयु के साधकों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
डॉ. नन्दवाल ने बताया कि इस क्वालिफाइंग राउंड में भी प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्णयन का अनुभव रखने वाले विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया जाएगा। आसनों की शुद्धता, संतुलन, लचीलापन, तकनीक, प्रस्तुति एवं निर्धारित नियमों के पालन के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया जाएगा।
प्रथम एवं द्वितीय क्वालिफाइंग राउंड से चयनित श्रेष्ठ प्रतिभागी 12 सितंबर को बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स, इंदौर में आयोजित होने वाले ग्रैंड फाइनल में हिस्सा लेंगे।