मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि पर संगीतप्रेमी देंगे सुरों के माध्यम से श्रद्धांजलि
उज्जैन। महान पार्श्व गायक मुकेश की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उज्जैन में ‘मैं भी हूँ मुकेश’ नाम से भव्य संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ठहाका सम्मेलन समिति द्वारा डॉ. महेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम 27 अगस्त को प्रातः 11 बजे कालिदास अकादमी में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में उज्जैन के विभिन्न संगीत संस्थानों से जुड़े कलाकार, गायक-गायिकाएं तथा शहर के संगीतप्रेमी मुकेश के लोकप्रिय और सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आयोजन का उद्देश्य मुकेश की अमर गायकी और उनके सदाबहार गीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
आयोजन की खास बात यह है कि इसे किसी एक संस्था तक सीमित न रखते हुए शहर के समस्त संगीतप्रेमियों और मुकेश के प्रशंसकों की सहभागिता से सार्वजनिक ओपन संगीत कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। ‘मैं भी हूँ मुकेश’ नाम के पीछे यही भावना है कि मुकेश के गीतों से जुड़ा प्रत्येक व्यक्ति इस श्रद्धांजलि में अपनी सहभागिता महसूस करे।
मुकेश की आवाज में प्रेम, विरह, संवेदना और जीवन-दर्शन की जो गहराई थी, उसने उन्हें भारतीय फिल्म संगीत का कालजयी गायक बनाया। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके गीतों के माध्यम से उनकी स्वर-स्मृति को नमन करने का अवसर होगा।
कार्यक्रम को लेकर शहर के संगीतप्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजकों ने सभी संगीतप्रेमियों और मुकेश के प्रशंसकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस संगीतमय श्रद्धांजलि का हिस्सा बनने का आग्रह किया है।