बड़वानी विधायक राजन मंडलोई ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की
बड़वानी/नलखेड़ा। आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में चढ़ावे एवं दान में प्राप्त सोना, चांदी और नगद राशि में कथित हेराफेरी का मामला मध्यप्रदेश विधानसभा में उठाया गया है। बड़वानी विधायक राजन मंडलोई ने विधानसभा के प्रमुख सचिव को पत्र सौंपकर मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विधानसभा में दिए गए पत्र में विधायक ने उल्लेख किया है कि नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में एक गैर-सरकारी संस्था सुदर्शन सेवा समिति द्वारा कथित रूप से सरकारी अनुमति के बिना बड़े पैमाने पर सोना, चांदी और नगद राशि के चढ़ावे में हेराफेरी की गई। मामले में कलेक्टर आगर-मालवा द्वारा जांच के आदेश दिए जाने तथा जांच समिति को सात दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जाने का भी उल्लेख पत्र में किया गया है।
विधायक के अनुसार जांच के दौरान समिति के बैंक खातों एवं लॉकर की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में सोना, चांदी एवं नगद राशि मिलने की बात सामने आई। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि श्रद्धा के नाम पर देशभर के श्रद्धालुओं से करीब 500 किलोग्राम चांदी एकत्र कर गर्भगृह को मढ़ने का प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। इस कार्य में भी हेराफेरी की आशंका जताई गई है।
मंडलोई ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा दान पूरी पारदर्शिता के साथ उपयोग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि चढ़ावे और दान की राशि अथवा सामग्री के प्रबंधन में अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक ने सरकार से मांग की है कि जांच समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए तथा रिपोर्ट में यदि किसी प्रकार की आर्थिक अनियमितता या हेराफेरी सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मामले में पारदर्शिता नहीं होने से श्रद्धालुओं में असंतोष उत्पन्न होना स्वाभाविक है।