पीथमपुर, 20 अगस्त 2026। प्रताप ग्रुप ने पीथमपुर में दो अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारत सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संयुक्त रूप से इन इकाइयों का उद्घाटन किया।
इनमें कॉर्सिस इंडस्ट्रीज की एडवांस्ड ऑप्टिकल फाइबर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट तथा स्वोल्टर्स टेक्नोलॉजीज की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम्स (BESS) एवं लिथियम-आयन बैटरी निर्माण इकाई शामिल है। ऑप्टिकल फाइबर यूनिट से ब्रॉडबैंड, 5जी, एफटीटीएच, डेटा सेंटर, स्मार्ट सिटी और रक्षा क्षेत्र के लिए उत्पादन किया जाएगा, जबकि बैटरी प्लांट में आधुनिक रोबोटिक तकनीक से ऊर्जा भंडारण समाधान तैयार होंगे।
प्रताप ग्रुप के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री देवेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि ये परियोजनाएं स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत तकनीक और भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अपने बड़े भाई श्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया।
श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि डिजिटल और एआई के दौर में विश्वसनीय कनेक्टिविटी और ऊर्जा भंडारण बेहद जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि करीब 850 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित इस परियोजना से 800 से 1000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पहले ही बने हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रताप ग्रुप को बधाई देते हुए मध्य प्रदेश में आगे भी निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे निवेश प्रदेश में रोजगार, कौशल विकास और औद्योगिक विकास को गति देंगे।
प्रताप ग्रुप के अनुसार, दोनों परियोजनाओं से कुल 3,500 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए समूह द्वारा प्रशिक्षण अकादमी भी स्थापित की गई है।
ऑप्टिकल फाइबर से जुड़ी इकाइयों की संयुक्त उत्पादन क्षमता लाखों फाइबर किलोमीटर प्रतिवर्ष है, जबकि स्वोल्टर्स टेक्नोलॉजीज की स्वचालित और रोबोटिक बैटरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की क्षमता 3 GWh है। ये परियोजनाएं मध्य प्रदेश को आधुनिक विनिर्माण, डिजिटल कनेक्टिविटी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।