प्रयागराज, 19 अगस्त ।भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस बार 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा। श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9 बजकर 7 मिनट से शुरू होकर 28 अगस्त को सुबह 9 बजकर 49 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के आधार पर रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
रक्षाबंधन को लेकर प्रयागराज के बाजारों में अभी से रौनक बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों में राखी की दुकानें सज गई हैं और रंग-बिरंगी राखियों की खरीदारी शुरू हो गई है। सिविल लाइंस, कटरा, चौक घंटाघर, रामबाग, बैरहना, सोहबतियाबाग, अल्लापुर, तेलियरगंज, सदर बाजार, खुल्दाबाद, राजरूपपुर, प्रीतमनगर, धूमनगंज और बेगम बाजार समेत कई क्षेत्रों में दुकानदारों ने राखियों की अलग-अलग किस्में सजाई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रक्षाबंधन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पूरामुफ्ती, बहसों, सोरांव, फूलपुर, हंडिया, कोरांव, करछना, मांडा, बारा, शंकरगढ़, बहरिया और नवाबगंज सहित अन्य क्षेत्रों के बाजारों में राखी और पर्व से जुड़ी सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं।
सोहबतियाबाग में राखी की दुकान लगाने वाले दुकानदार चमन, बंगाली दादा और मंगल ने बताया कि इस बार ग्राहकों की पसंद को देखते हुए अलग-अलग डिजाइन और रंगों की राखियां मंगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि 10 रुपये से लेकर 200 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। बच्चों के लिए कार्टून और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों के साथ युवाओं और महिलाओं की पसंद के अनुसार भी राखियां बाजार में मौजूद हैं।
रक्षाबंधन के दिन बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं। भाई भी बहन की रक्षा और हर परिस्थिति में उसका साथ देने का संकल्प लेता है। यही कारण है कि यह पर्व केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम और पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का अवसर भी माना जाता है।
पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ती चहल-पहल से दुकानदारों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ बाजारों में खरीदारी और बढ़ने की