इंदौर। लोधा लोवंशी क्षत्रिय समाज जिला समिति इंदौर के तत्वावधान में सह-प्रायोजकों के सहयोग से वर्ष 2025-26 की परीक्षा में कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं तथा समाज की उत्कृष्ट मेधावी प्रतिभाओं का सम्मान समारोह रविवार को प्रीतमलाल दुआ सभागृह, रीगल चौराहा इंदौर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विजय सोहनी (फिटनेस विशेषज्ञ, लाइफ स्टाइल कोच एवं म.प्र. जीएसटी के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त), हरि अग्रवाल (अध्यक्ष, श्रद्धा सुमन सेवा समिति) एवं अशोक गोयल (समाजसेवी एवं मंत्री प्रतिनिधि) रहे। विशेष अतिथि के रूप में रियल एस्टेट कंपनी ग्रीस लैंड ग्रुप के संचालक मोहित मंडलोई, सत्य कार्गो के प्रोपराइटर सत्यनारायण लोवंशी, सऊदी अरब में कार्यरत केमिकल इंजीनियर सुनील लोवंशी तथा गिरजा मार्केटिंग नर्मदापुरम के संचालक जितेंद्र लोवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीनारायण लोवंशी ने की।
इस अवसर पर लोधा समाज की राष्ट्रीय समिति एवं प्रदेश समितियों के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला समिति के पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, विद्यार्थियों के परिजन, समाजबंधु, मातृशक्ति एवं युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा इष्टदेव एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन के साथ हुआ। इसके बाद जिला अध्यक्ष रामकिशोर लोवंशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। मुख्य वक्ता विजय सोहनी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित समाजजनों को शिक्षा, समाज, संस्कार और भविष्य निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरणादायी संबोधन दिया।
इसके पश्चात अतिथियों द्वारा 25 विद्यार्थियों एवं मेधावी प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, उपहार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाज द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को हरि अग्रवाल, अशोक गोयल, मोहित मंडलोई एवं सुनील लोवंशी ने भी संबोधित किया और विद्यार्थियों के सम्मान के लिए जिला समिति इंदौर की पूरी टीम को बधाई दी।
इस दौरान फाउंडेशन अध्यक्ष रामगोपाल लोवंशी एवं महिला जिला अध्यक्ष प्रीति लोवंशी ने भी संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष सुनील लोवंशी एवं सचिव कमल लोवंशी ने किया। अंत में समिति परामर्शदाता इंजीनियर जगदीश लोवंशी ने आभार व्यक्त किया।