इंदौर ।माधव एक्सप्रेस/बसों का किराया बढ़ाए जाने के बाद परिवहन विभाग ने इंदौर से चलने वाली सामान्य बसों की नई किराया सूची शुक्रवार को जारी कर दी। इसके तहत इंदौर से महू तक का बस का किराया अब 46 रुपए लगेगा। वहीं देवास के 74, उज्जैन के 112, खरगोन के 280 तो बुरहानपुर के 400 रुपए देना होंगे। विभाग ने यह सूची बस आॉपरेटरों को दे दी है।
दरअसल, 5 साल बाद सरकार ने बसों का किराया बढ़ा दिया है। नई दरें 5 अगस्त से लागू हो गई हैं। आरटीओ प्रदीप शर्मा ने कहा सभी को शासन द्वारा निर्धारित किए गए नए किराए की सूची दे दी है। साथ ही बस ऑपरेटरों से कहा कि तय किराया ही लें, इससे ज्यादा नहीं। उन्होंने यात्रियों से भी कहा कि यदि बसों में तय किराए से ज्यादा लिया जाए तो विभाग को सूचना दें, संबंधित बस ऑपरेटर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बसों का नया किराया पहले : साधारण बस का किराया 1.25 रुपए प्रति किमी। न्यूनतम किराया 7 रुपए था। अब : किराया 2 रुपए प्रति किमी हो गया है। न्यूनतम किराया 10 रुपए है।
5 साल बाद बढ़ा बसों का किराया
बसों का किराया करीब 5 साल बाद बढ़ाया गया है।
ऑपरेटर बोले-संचालन काफी महंगा हो गया था।
बस एसोसिएशन से जुड़े शिवसिंह गौड़, सुशील अरोरा और गोविंद शर्मा ने कहा डीजल, स्पेयर पार्ट्स, बीमा, टैक्स और संचालन लागत लगातार बढ़ती जा रही थी। ऐसे में किराया बढ़ाना जरूरी था। उन्होंने कहा किराया बढ़ने से बस ऑपरेटरों को थोड़ी राहत मिलेगी।