इंदौर, 4 अगस्त।, कल्याणमयी एवं भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, देवी अहिल्याबाई होल्कर विमानतल, इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में महान पार्श्वगायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जन्म जयंती के अवसर पर एपीडी कॉन्फ्रेंस हॉल में भव्य सांस्कृतिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कल्याणमयी पश्चिमी क्षेत्र की अध्यक्ष आदरणीय श्रीमती सम्पूर्णा पुल्ला द्वारा ऑनलाइन किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कल्याणमयी की गतिविधियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को संगठन की एकता एवं रचनात्मकता का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर कल्याणमयी इंदौर की अध्यक्ष श्रीमती शमा मग्गीरवार एवं एयरपोर्ट निदेशक श्री सुनील मग्गीरवार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कल्याणमयी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम में शहर के सुप्रसिद्ध गायकों श्री संजय रियाना, श्री संजय लावरे, सुश्री दीप्ति सोनी, सुश्री प्रीति सोनी एवं श्री संजय मौर्य ने स्वर्गीय किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। उनकी मधुर एवं भावपूर्ण गायकी ने उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया तथा पूरे सभागार को संगीत की सुरमयी स्वर-लहरियों से गुंजायमान कर दिया। उपस्थित सभी लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन *कल्याणमयी इंदौर एयरपोर्ट की सचिव श्रीमती ऋचा मसीह* द्वारा दिया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम का *प्रभावी एवं रोचक संचालन श्री रामस्वरूप यादव द्वारा किया गया* , जिन्होंने अपनी सहज एवं आकर्षक शैली से पूरे आयोजन को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाए रखा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, कलाकारों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। उत्साह, उमंग और मधुर संगीत से सराबोर यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार रहा।