इंदौर। पवित्र सावन माह के उपलक्ष्य में शहर के प्रसिद्ध श्री चिंतामण हनुमान मंदिर में मंगलवार, 4 अगस्त को विशाल कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक एवं सेवा कार्य में बड़ी संख्या में कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें सात्विक एवं स्वादिष्ट भोजन कराया जाएगा।
मंदिर के अध्यक्ष एवं मुख्य पुजारी पंडित शैलेंद्र जोशी ने बताया कि मंदिर समिति द्वारा प्रतिमाह कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सावन माह में विशेष आयोजन रखा गया है, जिसमें श्रद्धालुओं की सहभागिता भी रहेगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति में कन्याओं के सम्मान, सेवा और धार्मिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन आयोजन में शामिल होकर कन्या सेवा के पुण्य कार्य में सहभागिता निभाएं और धर्म लाभ अर्जित करें।