नई दिल्ली । नीट परीक्षा मुद्दे पर राज्यसभा में गतिरोध मंगलवार को जारी रहा, जिसके चलते सदन की कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा। राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा ने विपक्ष के रवैये की कड़ी आलोचना कर अत्यंत गैरजिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष न इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा चाहता है और न ही सदन को सुचारु रूप से चलने दे रहा है।
नेता सदन नड्डा ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार नीट परीक्षा, कथित प्रश्नपत्र लीक और उससे जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत में विपक्ष पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा था, लेकिन अब अपनी मांग बदलकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को चर्चा की पूर्व शर्त बना दिया है। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार कभी चर्चा से नहीं भागी और सदन में सभी मुद्दों पर जवाब देने को तत्पर है, लेकिन विपक्ष लगातार अपना रुख बदलकर कार्यवाही में बाधा डाल रहा है। विपक्ष लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ा रहा, जिससे सदन में भारी हंगामा हुआ। आरोप-प्रत्यारोप के बीच सभापति ने कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और फिर दोबारा दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
नेता सदन ने कहा कि यह सरकार पारदर्शिता से काम करने और हमेशा जनता के हित में निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष के आचरण को जनविरोधी करार देकर कहा कि यह सार्थक चर्चा से बचने का प्रयास है। नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संसदीय मूल्यों में विश्वास नहीं रखता, और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा व संवाद ही लोकतंत्र का सच्चा मार्ग है।