अहमदाबाद,। अहमदाबाद हवाई अड्डे परन ‘पार्किंग बे’ की ओर जाते समय एअर इंडिया का एक विमान गलत दिशा में मुड़ गया, जिससे वह इंडिगो के एक विमान के सामने आ गया। हालांकि दोनों विमान एक-दूसरे से सुरक्षित दूरी पर रुक गए। सूत्रों ने बताया कि मुंबई जा रहा इंडिगो का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी एअर इंडिया का विमान गलत दिशा में मुड़ गया और वह उसी टैक्सीवे पर आ गया, जिस पर इंडिगो का विमान खड़ा था।
सूत्रों के मुताबिक टैक्सीवे पर दोनों विमान समय रहते एक-दूसरे से करीब 200 मीटर की सुरक्षित दूरी पर रुक गए। एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि हमें उस घटना की जानकारी है, जिसमें 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली हमारी एआई 2493 उड़ान लैंडिंग के बाद ‘पार्किंग बे’ की तरफ जाते समय अनजाने में गलत रास्ते पर मुड़ गई थी। विमानन कंपनी ने कहा कि विमान में सवार यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। उसने बताया कि बाद में विमान को सुरक्षित रूप से ‘पार्किंग बे’ में ले जाया गया। एअर इंडिया ने कहा कि नियामक प्राधिकरण को मामले की जानकारी दे दी गई है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
इंडिगो की फ्लाइट मुंबई के लिए टेकऑफ करने से पहले टैक्सी कर रही थी, तभी मुंबई से ही आई एयर इंडिया की फ्लाइट गलत टैक्सीवे पर आ गई। सूत्रों के मुताबिक नैरो-बॉडी वाले एयरबस ए320 विमान एक-दूसरे के करीब 200 मीटर की दूरी तक आ गए थे, जिसके बाद दोनों को रोक दिया गया। एयर इंडिया ने एक बयान में इस घटना की पुष्टि की। एयरलाइन ने आगे कहा कि यात्रियों या क्रू की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ और बाद में विमान को खींचकर वापस पार्किंग बे में ले जाया गया।
इंडिगो के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित कर दिया गया। दोनों विमानों में सवार यात्रियों की संख्या का तुरंत पता नहीं चल सका। यह घटना इन दोनों एयरलाइंस से जुड़ी जमीन पर आवाजाही की एक और घटना के कुछ महीनों बाद हुई है। फरवरी में मुंबई एयरपोर्ट पर टैक्सी करते समय एयर इंडिया के एयरबस ए320 और इंडिगो के ए320 विमानों के विंगटिप आपस में टकरा गए थे, जिसके बाद दोनों विमानों की जांच करानी पड़ी थी।
