
इंदौर। पुण्य एवं पवित्र अधिक मास के समापन तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल के 12वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहर के प्रसिद्ध श्री चिंतामण हनुमान मंदिर में मंगलवार को विशाल कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा
मंदिर के मुख्य पुजारी एवं अध्यक्ष पंडित शैलेंद्र जोशी ने बताया कि यह आयोजन मंदिर समिति द्वारा प्रतिमाह आयोजित किए जाने वाले सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत किया गया। अधिक मास के समापन अवसर पर विशेष रूप से कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन रखा गया था।
कन्याओं का विधिवत पूजन
कार्यक्रम के दौरान कन्याओं का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन किया गया। उन्हें देवी स्वरूप मानकर सम्मानपूर्वक तिलक लगाया गया तथा पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसके पश्चात कन्याओं को स्वादिष्ट एवं सात्विक भोजन कराया गया।
पठन सामग्री का वितरण
आयोजन में मंदिर समिति एवं दानदाताओं के सहयोग से कन्याओं को उपहार स्वरूप पठन सामग्री भी वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और समाज में उनके सम्मान का संदेश देना रहा।

पंडित शैलेंद्र जोशी ने कहा कि सनातन परंपरा में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया जाता है और उनके आशीर्वाद को सुख, समृद्धि एवं कल्याण का प्रतीक माना जाता है।
श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ
धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन एवं सेवा कार्यों में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
