इंदौर। मालव केसरी, प्रख्यात वक्ता एवं श्रमण संघ निर्माता प्रवर्तक प.पू. श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. (निर्भय) के संयम जीवन के 52 वर्ष पूर्ण होने एवं 53वें वर्ष में प्रवेश के पावन अवसर पर 8 मई को कीमती गार्डन, इंदौर में भव्य संयमोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जैन समाज के लिए श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर गच्छाधिपति आचार्यदेव श्रीमद्विजय हितेशचंद्र सूरीश्वरजी म.सा. (मोहनखेड़ा) आदि ठाणा की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम को और अधिक दिव्यता प्रदान करेगी। उनके सान्निध्य में आयोजित यह आयोजन समाज को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संयम मार्ग की अनुमोदना करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
आयोजकों के अनुसार, मात्र 14 वर्ष की अल्पायु में संयम पथ अपनाने वाले पूज्य गुरुदेव श्री प्रकाशमुनिजी म.सा. का तप, त्याग और साधना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके संयम जीवन के 52 वर्ष पूर्ण होना जैन समाज के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के प्रमुख लाभार्थी के रूप में श्रीमती अंगूरबाला जी जयंतिलाल जी जैन (मिर्ची वाले) परिवार का विशेष योगदान रहेगा। वहीं स्वर्ण एवं रजत लाभार्थियों सहित अनेक समाजसेवियों का सहयोग आयोजन को भव्यता प्रदान कर रहा है।
आयोजन की जिम्मेदारी राजमोहल्ला श्रीसंघ एवं ट्रस्ट मंडल द्वारा निभाई जा रही है, जिसमें अनिल चौरड़िया, संजय नवलखा, हेमेन्द्र बोकड़िया, उमराव सियाल सहित कई सदस्यों की सक्रिय भागीदारी है।
संयोजक शांता जी एवं कांता कटकानी ने बताया कि यह संयमोत्सव समाज में संयम, त्याग और आत्मअनुशासन के मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
“कर्म की भूमि पर ही किस्मत का फूल खिलता है, नसीब अगर बुलंदी पर हो तो ही संयम मार्ग मिलता है।” — इसी संदेश के साथ यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा का स्रोत बनेगा।