तराना। नगर में मानवता एवं सेवा का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। विगत दिनों स्वर्गीय जेठमल जी गर्ग (जेठूबा) की धर्मपत्नी, महेशचन्द्र जी (मुन्ना) की माताजी, संजय एवं अमित की दादी तथा आशुतोष, बलराम, गोविंद एवं विनायक की पड़दादी श्रीमती चंदरबाई गर्ग (आयु 104 वर्ष) का स्वर्गवास हो गया।
इस शोकपूर्ण समय में भी परिवार ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए माताजी का नेत्रदान करवाया, जिससे किसी जरूरतमंद को नई दृष्टि प्राप्त हो सकेगी।
परिवार की सहमति से केशव माधव सेवा समिति, तराना के सदस्यों गौरव भारती एवं अनिल बडाल द्वारा नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न करवाई गई। यह समिति द्वारा नगर में किया गया 79वां सफल नेत्रदान है।
समिति द्वारा लगातार नेत्रदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही लोगों को प्रेरित कर ऑनलाइन संकल्प फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं, जिससे समाज में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
उठावना कार्यक्रम के दौरान केशव माधव सेवा समिति के सदस्यों द्वारा परिवारजनों को इस प्रेरणादायक कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस पुनीत कार्य के लिए परिवार के दीपक सोमानी एवं अमित गर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नेत्रदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना भी आवश्यक है। नेत्रदान एक अत्यंत सरल एवं सम्मानजनक प्रक्रिया है, जिसे सामान्यतः 10 से 15 मिनट में पूर्ण किया जा सकता है। समिति की टीम द्वारा यह प्रक्रिया घर पर ही संपन्न कराई जाती है। इसमें पूरी आंख नहीं निकाली जाती, बल्कि आंख की ऊपरी पारदर्शी परत (कॉर्निया) ही सुरक्षित रूप से ली जाती है, जिससे दिवंगत के स्वरूप पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ता।
केशव माधव सेवा समिति, तराना द्वारा नगर के आमजन से अपील की गई है कि किसी भी परिचित या परिवार में मृत्यु होने पर नेत्रदान अवश्य करें एवं समिति को सूचित करें। यह सेवा पूर्णतः निशुल्क समिति द्वारा प्रदान की जाती है।