कोलकाता,। पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर में पीएम मोदी ने टीएमसी पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण बिल पास कराने के समय टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर इसका विरोध किया, जिससे बंगाल की बहनों और बेटियों की उम्मीदों को झटका लगा। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा को बीजेपी की पहचान बताया और कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की भूमिका बढ़ाना जरूरी है और राजनीति में उनकी भागीदारी भी मजबूत होनी चाहिए। इसके साथ पीएम मोदी ने कहा एक तरफ बीजेपी महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर टीएमसी ने इस दिशा में सहयोग नहीं किया। रैली के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश और दुनिया में उनका सम्मान होता है, लेकिन टीएमसी उनके सम्मान को लेकर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्रपति बंगाल आई थीं, तब जो घटनाक्रम हुआ, उसे पूरे देश ने देखा। इसके साथ ही पीएम ने टीएमसी पर घुसपैठियों को लाभ पहुंचाने और कानून-नियमों का पालन न करने का आरोप लगाया साथ ही धर्म के आधार पर आरक्षण देने की कोशिश को संविधान की भावना के खिलाफ बताया। सभा में कई जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि मातृ शक्ति भरोसा कार्ड के जरिए बंगाल की हर बहन को साल में 36,000 रुपए दिए जाएंगे। महिला सशक्तिकरण के रोडमैप को सामने रखते हुए बताया कि राज्य में बीजेपी सरकार बनने पर गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपए की सीधी आर्थिक मदद मिलेगी, वहीं संतान होने पर केंद्र सरकार की ओर से भी 5,000 रुपए की सहायता दी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेटियों के भविष्य और उनकी शिक्षा पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने 50,000 रुपए की मदद देने का वादा किया। गरीबों के हक की बात करते हुए मंच से साफ किया गया कि बंगाल की जनता को अब अपने राशन की चिंता करने की जरूरत नहीं, क्योंकि बीजेपी की सरकार आते ही सबको मुफ्त राशन मिलेगा और कोई उसे छीन नहीं पाएगा। इसके साथ ही, सिर पर पक्की छत का सपना पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को 1.5 लाख रुपए तक की सहायता देने की बात कही गई। स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए स्पष्ट किया कि आयुष्मान भारत योजना लागू होते ही हर महिला को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलना शुरू हो जाएगा, जिसे वर्तमान सरकार ने रोक रखा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
