सई ताम्हणकर हमेशा से ऐसे महिला किरदारों की तरफ आकर्षित रही हैं जिनमें एक आग हो, अपनी आवाज़ हो और जो अपनी जगह बनाना जानती हों। प्राइम वीडियो की सीरीज ‘मटका किंग’ की बरखा बिल्कुल वैसी ही है। बेहद आजाद ख्याल, खुद को लेकर जागरूक और अपनी शर्तों पर जीने वाली बरखा ने पहली बार कहानी पढ़ते ही सई का दिल जीत लिया। एक ऐसे कलाकार के लिए जो गहराई वाले किरदारों की तलाश में रहता है, यह रोल काफी अलग साबित हुआ। यहाँ सई उस महिला के बारे में खुलकर बात कर रही हैं जिसने उन्हें अपना दीवाना बना लिया।
अपने किरदार बरखा की खासियत पर बात करते हुए सई ताम्हणकर कहती हैं, “वह एक जुझारू महिला है। आमतौर पर जब आप किसी की पत्नी का रोल निभाते हैं, तो एक धारणा बन जाती है कि ‘अरे, यह तो बस पत्नी का किरदार है।’ लेकिन इस महिला की अपनी एक दुनिया है, अपनी एक आवाज़ है और वह उस आवाज़ का इस्तेमाल भी करती है, जिसने मुझे बहुत प्रभावित किया। वह अपने पति की लोकप्रियता, ग्लैमर या पैसों के बोझ तले दबी हुई नहीं है। उसकी अपनी सोच है, अपनी एक अलग पहचान है जिसे वह बरकरार रखती है, जो कि एक अद्भुत बात है। मुझे मजबूत इरादों वाली महिलाएं पसंद हैं और मेरा किरदार बरखा भी ऐसी ही है।”
एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि आखिर वो खुद अपने ही किरदार की फैन कैसे बन गईं , “शुरुआत में, वह उस चकाचौंध, लोकप्रियता और पैसे की तरफ आकर्षित होती है जो ब्रिज भट्टी (विजय वर्मा) हासिल कर रहा है। लेकिन फिर धीरे-धीरे, इस सारे शोर-शराबे को देखने के बाद, वह किसी तरह अपना रास्ता खुद खोज लेती है। बरखा का सफर यही है, यह बाहर से शुरू होता है और खुद की तलाश (अंदरूनी सफर) पर खत्म होता है। इसे देखना बहुत दिलचस्प है। मेरे लिए सबसे जरूरी बात यह थी कि इस सफर के दौरान एक इंसान के तौर पर उसका विकास कैसे होता है, और उसका यह बदलाव वाकई काफी दिलचस्प है। मैं बरखा की फैन हूं।”
अभय कोराने द्वारा निर्मित और लिखित, और नागराज पोपटराव मंजुले द्वारा निर्देशित और लिखित इस सीरीज में विजय वर्मा, कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव, भूपेंद्र जादावत और गुलशन ग्रोवर लीड रोल में हैं। इसके अलावा कास्ट में भरत जाधव, गिरीश कुलकर्णी, जेमी लीवर, किशोर कदम, साइरस साहूकार, अर्पिता सेठिया, संभाजी तांगड़े, इश्तियाक खान, संजीव जोटांगिया और सिमरन अश्विनी भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। ‘मटका किंग’ 17 अप्रैल को भारत और दुनिया भर के 240 देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर रिलीज होने के लिए तैयार है।
