मांडव(संवाददाता विजेंद्र चिंटू पाल मांडव )मांडव नगर से खाटू श्याम धाम के लिए पांच युवा श्रद्धालु पैदल यात्रा पर रवाना हुए। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर नगर में जगह-जगह नागरिकों द्वारा यात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पूरे नगर में “जय श्री श्याम” के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व श्रद्धालुओं ने मांडव के प्राचीन चतुर्भुज राम मंदिर, रेवा कुंड तथा दुर्गेश्वरी धाम में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और अपनी पदयात्रा का शुभारंभ किया। मंदिरों में दर्शन के दौरान यात्रियों ने सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
नगर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं श्याम भक्तों ने यात्रियों का माल्यार्पण कर उत्साहवर्धन किया तथा जलपान की व्यवस्था भी की गई। श्रद्धालुओं का कहना है कि वे बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए पूर्ण आस्था और श्रद्धा के साथ यह पदयात्रा कर रहे हैं।
इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्याम भक्त उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
