मक्सी । मक्सी थाना पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। 19 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि झोंकर रोड मक्सी निवासी राकेश पिता रामप्रसाद कुंभकार की इंदौर के एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। राकेश को अज्ञात व्यक्ति द्वारा मारपीट में गंभीर चोटें आई थीं।
सूचना मिलते ही थाना मक्सी में मर्ग क्रमांक 06/2026 कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय तथा एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू करवाई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम से निरीक्षण कराया और साक्ष्य एकत्र किए। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतक राकेश कुंभकार महावीर ब्रिक्स कंपनी में काम करता था और कंपनी द्वारा दिए गए कमरे में अपनी पत्नी आरती के साथ रहता था।
जांच में सामने आया कि राकेश शराब पीने का आदी था और आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। इसी विवाद के चलते 18 मार्च 2026 की रात पत्नी आरती ने गुस्से में आकर सोते समय राकेश के सिर पर सीमेंट के पेवर ब्लॉक से वार किया और पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरती को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सीमेंट का पेवर ब्लॉक और चाकू भी जब्त कर लिया है।
इस पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक संजय वर्मा, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह तोमर, उपनिरीक्षक विजय खत्री, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक दीक्षित, संतोष रघुवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।