इंदौर। शहर के शिवनगर पीपलिया लोहार स्थित खेड़ापति आश्रम में 5 से 15 अप्रैल 2026 तक विराट हनुमंत मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान परम पूज्य श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु जी महाराज 10 अप्रैल से 13 अप्रैल तक 72 घंटे की पावन भू-समाधि साधना में लीन रहेंगे।
वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन मध्य प्रदेश के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन राष्ट्र कल्याण, सनातन धर्म की रक्षा और समाज के कष्टों के निवारण के संकल्प के साथ किया जा रहा है। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
5 से 15 अप्रैल तक होगा धार्मिक आयोजन
मेले के दौरान भजन-कीर्तन, प्रवचन, यज्ञ, हनुमान चालीसा पाठ, सामूहिक आरती और विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भक्तों के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था भी की जाएगी।
10 से 13 अप्रैल तक रहेगी 72 घंटे की साधना
महाराज जी 10 अप्रैल से 13 अप्रैल तक 72 घंटे की भू-समाधि साधना करेंगे। यह साधना नेपाली रुद्राक्षों से सजी विशाल हनुमान प्रतिमा के समक्ष भूमिगत होकर की जाएगी, जिसे देखने और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे।
हनुमंत दरबार और विशेष अनुष्ठान
मेले में हनुमंत दरबार का आयोजन होगा, जिसमें रुद्राक्षों से अलंकृत हनुमान प्रतिमा का विशेष अभिषेक किया जाएगा। साथ ही सामूहिक हवन, राम-हनुमान कथा और भक्ति संध्या जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
आयोजकों ने सभी श्रद्धालु भक्तों से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन में शामिल होकर महाराज जी के दर्शन करें और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करें।
स्थान: खेड़ापति आश्रम, शिवनगर पीपलिया लोहार (खरडा खेड़ा), इंदौर
मेला अवधि: 5 से 15 अप्रैल 2026
भू-समाधि साधना: 10 से 13 अप्रैल 2026
