उज्जैन । मध्यप्रदेश शासन के युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 11 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), मक्सी रोड ब्रिज के नीचे, उज्जैन में एक दिवसीय युवा संगम, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा।
रोजगार मेले में बोकेम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड उज्जैन, न्यू जील फैशन वियर प्राइवेट लिमिटेड बदनावर, आइसेक्ट लिमिटेड, एसबीआई लाइफ उज्जैन, भारतीय जीवन बीमा निगम उज्जैन, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड उज्जैन, भागीरथ मोटर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड उज्जैन, टीएससीएफएम सेज फाउंडेशन इंदौर, प्रतिभा स्वराज प्रा.लि. उज्जैन, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड इंदौर, बेस्ट लाइफस्टाइल अपैरल प्राइवेट लिमिटेड उज्जैन तथा फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी नई दिल्ली सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
मेले में लगभग 280 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेक्नीशियन, ट्रेनर, सेल्स, टीम लीडर, बैंक ऑफिस, सुरक्षा गार्ड, ऑपरेटर, हेल्पर और ऑफिस बॉय जैसे पद शामिल हैं। कंपनियों के प्रतिनिधि मेले में उपस्थित आवेदकों के साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक चयन करेंगे। विशेष रूप से महिला हेल्पर एवं ऑपरेटर पदों के लिए भी भर्ती के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
मेले में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे आवेदक भाग ले सकते हैं, जिन्होंने 5वीं कक्षा से लेकर स्नातकोत्तर तक किसी भी विषय में शिक्षा प्राप्त की हो। तकनीकी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार प्राप्त करने के लिए मेले में शामिल हो सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले आवेदक अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा की प्रतियां तथा आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की फोटो प्रतियां साथ लेकर आएं।