भोपाल/उज्जैन, 18 अक्टूबर। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय ‘रेड रन मैराथन’ में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन परिक्षेत्र के स्वयंसेवकों ने शानदार प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और शहर का नाम रोशन किया।
युवाओं में एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में उज्जैन परिक्षेत्र के NSS स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
पदक जीतकर बढ़ाया गौरव
▪ प्रथम स्थान – मुकेश (स्वर्ण पदक)
▪ द्वितीय स्थान – मेघा पंवार (रजत पदक)
▪ तृतीय स्थान – साक्षी सूर्यवंशी (कांस्य पदक)
कुलगुरु और कुलसचिव ने दी बधाई
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज एवं कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि NSS के उद्देश्यों और युवाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
अब नागालैंड में करेंगे मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व
NSS समन्वयक डॉ. शेखर मैदमवार ने बताया कि राज्य स्तरीय विजेता खिलाड़ी अब उत्तर-पूर्वी राज्य नागालैंड में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दल प्रभारी के रूप में लोकमान्य तिलक महाविद्यालय उज्जैन की कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. स्मृति जैन स्वयंसेवकों का नेतृत्व करेंगी।
डॉ. मैदमवार ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह साबित करती है कि NSS स्वयंसेवक सामाजिक जागरूकता के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। अब सबकी निगाहें नागालैंड में होने वाले राष्ट्रीय आयोजन पर टिकी हैं, जहाँ ये युवा प्रदेश का झंडा बुलंद करेंगे।
