रायपुर, 1 अक्टूबर ।पावर कंपनी के आश्वासन के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने से नाराज नियमित कर्मचारी आज से काली पट्टी लगाकर काम करेंगे।जबकि नियमितिकरण समेत 4 सूत्रीय मांगों के लिए संविदा कर्मी 1 और 2 अक्टूबर को काम बंद करेंगे।वहीं ट्रांसमिशन कंपनी के सब स्टेशनों के ऑपरेटरों ने भी 2 अक्टूबर को सामूहिक अवकाश पर रहने की चेतावनी दी है।
छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ के क्षेत्रीय अध्यक्ष परमेश्वर कन्नौजे एवं सचिव नीलांबर सिन्हा ने जानकारी दी है कि ओपीएस, संविदा के नियमितिकरण, 3 प्रतिशत तकनीकी भत्ता समेत 22 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी 1 से 8 अक्टूबर तक काली पट्टी लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे। उनका कहना है कि मांगों के संबंध में कंपनी प्रबंधन द्वारा बार-बार केवल आश्वासन दिया जा रहा है,कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।मांगों को लेकर महासंघ द्वारा चरणबद्ध आन्दोलन किया जा रहा है।सप्ताहभर काली पट्टी लगाकर विरोध करने के बाद भी 9 अक्टूबर तक मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने बाध्य होंगे।
