कलेक्टर सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
उज्जैन । कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक प्रशासनिक संकुल भवन के कलेक्टर कार्यालय सभागृह में गुरुवार शाम आयोजित हुई। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए कलेक्टर सिंह ने बैठक में निर्देश दिए की छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूल बसों का संचालन शासन द्वारा निर्धारित मापदंड अनुसार हो और संचालन निर्धारित मापदंड के अनुसार ना होने पर प्रथम बार चलानी कार्यवाही करने के साथ स्कूल प्रबंधन और बस चालकों को जागरूक करे। इसके पश्चात भी अगर स्कूल प्रबंधन द्वारा बसों के संचालन में लापरवाही बरती जाती है तो शिक्षा विभाग स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्यवाही करे और परिवहन विभाग बसों को जब्त कर चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही करे। यात्री बसों के संचालन में भी नागरिकों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मापदंड अनुसार बसों का संचालन हो। बसों के संचालन में नियमों का पालन ना करने पर बसों का रजिस्ट्रेशन निलंबित करे। कलेक्टर सिंह ने बस चालकों का नियमित रूप से आंखों और मानसिक स्वास्थ्य की जांच करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बैठक में नो एंट्री में वाहनों का प्रवेश सख्ती से निषेध करने के निर्देश दिए । कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता में रखते हुए टू व्हीलर गाड़ियों पर हेलमेट नहीं लगाने वाले , वाहन चलाते समय मोबाइल पर चर्चा करने वाले,ओवर स्पीडिंग,सीट बेल्ट नहीं लगाने और रेड लाइट जंप करने वाले पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में चौबीस खंभा मार्ग, हरसिद्धि मार्ग और नृसिंह घाट मार्ग पर मार्ग अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।कलेक्टर ने बैठक में घाटों पर गाड़ियों की आवाजाही बंद करने के निर्देश भी दिए । बैठक में नागरिकों की सुरक्षा के लिए बड़ी गाड़ियां ट्रक,डंपर और वोल्वो बसों का शहर के अंदर ना आए इस पर विशेष ध्यान देने और इस संबंधित ट्रांसपोर्ट संचालकों को सेंसिटिव करें।
बैठक में कलेक्टर ने गत 5 वर्ष और 1 वर्ष में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का एनालिसिस कर रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश नोडल अधिकारी लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को दिए।
बैठक में श्री महाकालेश्वर मंदिर मार्ग पर सुगम आवागमन और दर्शन व्यवस्था के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति को निःशुल्क बसों का संचालन मन्नत गार्डन से करने और दिव्यागजनों और वृद्धजनों के लिए मन्दिर में दर्शन के लिए सभी आवश्यक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ब्लैक स्पॉट हटाने,ट्रैक्टर ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर लगाने, राहवीर योजना और सड़क दुर्घटना में घायलों का निशुल्क उपचार करने की योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों पर कार्यवाही के लिए ट्रैफिक थाना के नंबर 7587637158 पर संपर्क करने का आग्रह किया गया।
बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, एडिशनल एसपी नितेश भार्गव और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।