नलखेड़ा:-स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा संचालित स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 का शुभारंभ नगर में बड़े उत्साह के साथ किया गया। संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार यह राष्ट्रव्यापी अभियान दिनांक 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा।
माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पखवाड़े की शुरुआत 17 सितंबर को की गई। इस अवसर पर मां बगलामुखी मंदिर के पीछे स्थित लखुंदर नदी घाट पर विशेष साफ-सफाई अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, सफाईकर्मियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी बाबूसिंह राजपूत ने इस दौरान आमजन से अपील की कि मां बगलामुखी मंदिर पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिल सके, इसके लिए सभी नागरिक अपने आस-पास साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता ही स्वास्थ्य का आधार है और सभी नागरिकों को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी, उपाध्यक्ष प्रीतेश फाफरिया, पार्षद गोवर्धन वेदिया, पार्षद देवेंद्र गुप्ता, पार्षद इसाक खां मेव, स्वसहायता समूह की कार्यकर्ता सहित समस्त सफाई मित्र उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान नगर में विभिन्न जागरूकता एवं साफ-सफाई से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि नगरवासियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाई जा सके।
