पत्रकारों की मांगों को लेकर विधायक भैरुसिंह बापू ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
पत्रकार भवन, बीमा योजना, और अन्य सुविधाओं को लेकर विधानसभा में दिया ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
नलखेड़ा । सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भैरुसिंह बापू ने आज नियम 138(1) के तहत विधानसभा में एक महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस प्रस्ताव के माध्यम से उन्होंने डॉ. मोहन यादव प्रदेश के मंत्रीगणों का ध्यान प्रदेश के पत्रकारों की विभिन्न मांगों की ओर आकर्षित करते हुए, उन्हें गंभीरता से लेने का अनुरोध किया।
बापू ने अपने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और प्रदेश में पत्रकार साथी लगातार सरकार को ज्ञापन सौंपकर अपनी जायज़ मांगों को रख रहे हैं। उनके द्वारा मांग की गई है कि प्रदेश के हर जिले, विशेषकर आगर-मालवा जिले में पत्रकार भवन निर्माण हेतु निःशुल्क भूमि आवंटन किया जाए।, श्रद्धा निधि योजना के अंतर्गत दी जाने वाली मान्यता की शर्त को हटाया जाए तथा यह योजना पत्रकारों के जीवनकाल तक जारी रखी जाए।
उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी पत्रकारों के लिए निःशुल्क बीमा योजना लागू की जाए।,
टोल टैक्स में रियायत देने हेतु पत्रकार पहचान पत्र को मान्यता दी जाए।,
पत्रकारों की सुरक्षा हेतु विशेष कानून बनाया जाए।
भैरुसिंह बापू ने सदन के माध्यम से मुख्यमंत्री से इन मांगों पर विचार कर पत्रकारों के हित में ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की भूमिका जनहित और लोकतंत्र की मजबूती में अत्यंत महत्वपूर्ण है, और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
विधानसभा में इस ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के प्रस्तुत होने से पत्रकार जगत में एक सकारात्मक संदेश गया है, और यह उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार जल्द ही इन मांगों पर अमल करेगी।
उल्लेखनीय की पत्रकारों द्वारा लगातार सरकार में बैठे लोगों को ज्ञापन देकर अपनी विभिन्न मांगो को पूरा करने का निवेदन कर रहे हैं लेकिन उसके बाद भी सरकार द्वारा पत्रकारों की मांगों का निराकरण नहीं किया जा रहा है अभी हाल ही में भी मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा पूरे प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर अभियान चलाकर मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखे गए जिसमें पत्रकारों की मांगों का तुरंत निराकरण करने की मांग की है मांग की गई।
