जगदलपुर, 17 जुलाई । केंद्र सरकार द्वारा कराए गए स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में जगदलपुर नगर पालिक निगम ने बड़ी छलांग लगाते हुए शीर्ष 100 शहरों में 107 वें स्थान से 15वां स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छता सर्वेक्षण में जगदलपुर को छत्तीसगढ़ में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। जगदलपुर नगर ने कुल 12500 में से 10446 अंक अर्जित किये जिसमें स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में 10000 में से 8841, गार्बेज फ्री सिटी में 1300 में से 800 और खुले में शौच मुक्त में 1200 में 1000 अंक प्राप्त किया है। इस उपलब्धि का श्रेय नगर निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने जगदलपुर की जागरूक एवं सजग जनता को दिया है और इस उपलब्धि में उनकी सक्रीय सहभागिता व नगर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाने के लिए उनकी अपील का समर्थन किया है। उसके लिए संजय पांडे ने नगरवासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है।
इस अवसर पर संजय पांडे ने कहा कि जगदलपुर की जनता का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ और इस उपलब्धि के लिए बधाई देता हूँ। महज साढ़े 4 महीने के अल्प समय में स्वच्छता सर्वेक्षण में 107वें स्थान से 15 वें स्थान पर छलांग लगाकर हमारे जगदलपुर नगर ने यह साबित किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान एवं विकसित भारत @2047 के संकल्प को पूरा करने में सभी नगरवासी प्रधानमंत्री के साथ हैं। उन्हाेंने कहा कि यह उपलब्धि तो महज एक शुरुआत है जगदलपुर को विकसित, स्वच्छ और सुन्दर बनाने के लिए नगरवासियों ने जिस विश्वास के साथ ट्रिपल इंजन की भाजपा सरकार बनाई है उसका अब सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहा है। आने वाले वर्षों में हमारा यह संकल्प हैं कि हमारा जगदलपुर नगर शहरों की सूचि में शीर्ष 3 में शामिल हो और इसके लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी है।
उन्हाेंने कहा कि नगर की सबसे मुख्य समस्या नुक्कड़, नाली और गलियों में कचरा एकत्रित होने की थी जिसके लिए हमारे द्वारा लगातार जनता से अपील और लापरवाही करने वाले लोगों के प्रति कार्यवाही की जा रही है ,जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है । नुक्कड़ व गलियों में कचरा फेकने , और गीला कचरा और सूखा कचरा पृथक करने में संतोषजनक कार्य नहीं होने से हमें 15वाँ स्थान मिला है। जन सहयोग से हम अगले वर्ष गार्बेज फ़्री सिटी और नुक्कड़ और नालियों में कचरा फेंकने से बचने और गीला और सूखा कचरा पृथक पृथक कर देने जनता से आह्वान करेंगे और निश्चित रूप से देश के टॉप थ्री में अपना स्थान बनाएंगे। इस उपलब्धि में प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय के भार साधक मंत्री अरुण साव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधानसभा के विधायक य किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप का भी इस उपलब्धि में सक्रिय व विशेष योगदान रहा है। आप दोनों के मार्गदर्शन और जगदलपुर की जनता के प्रति उनकी सेवा भावना से हमारा जगदलपुर आज विकास व अधोसंरचना निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपब्धि अर्जित कर रहा है।
महापाैर ने कहा कि जगदलपुर नगर की जनता भी बहुत ही जागरूक और सजग है । हमें विश्वास है कि हमारे हर प्रयासों में उनकी सक्रीय सहभागिता और सहयोग हमें मिलेगा और इसी सहयोग से हम अपने लक्ष्यों को पूरा करेंगे और जगदलपुर नगर को स्वच्छ,स्वस्थ और एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करेंगे। मैं पुनः एक बार जगदलपुर नगर की हमारी प्रबुद्ध, सजग और जागरूक जनता, नगर निगम के हमारे सम्मानित पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी स्वच्छता मित्र, स्वच्छता दीदीयों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ और इस उपलब्धि के लिए उनका अभिनंदन करता हूँ।
