पांडवकालीन बल्डावदा हनुमान मंदिर पर उमडा भक्तों का सैलाब एक दिवसीय मेले का हुआ आयोजन
नलखेडा/माधव एक्सप्रेस (प्रदीप चौबे ):-गुरूपूर्णिमा के अवसर पर पांडवकालीन श्री बल्डावदा हनुमान मंदिर पर प्रातः काल से देर रात तक भक्तों का सैलाब उमड़ता रहा। इस अवसर पर श्री हनुमान जी की विशेष पूजा अर्चना कर आकर्षक श्रृंगार भी किया गया था। रात्रि 8 बजे हनुमानजी की महाआरती संपंन हुई। गुरूपूर्णिमा के अवसर पर परंपरानुसार नगर से 4 किलोमीटर दूर स्थित श्री बल्डावदा हनुमान मंदिर पर गुरुवार को एक दिवसीय मेले का आयोजन हुआ। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष हवन पूजन सम्पन्न हुआ वहीं श्री बल्डावदा हनुमान जी महाराज का आकर्षक श्रृंगार भी किया गया। इस अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर को पुष्पों व विद्युत रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
यहाँ प्रातःकाल से देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा एवं दर्शनार्थ लंबी-लंबी कतारें लगती रही।
सुहाने मौसम का लुफ्त उठाने के लिए कईं परिवारों द्वारा मंदिर पर पहुंचकर दर्शन लाभ के साथ ही सुहाने मौसम का भी आनंद उठाया।शाम 6 बजे बाद ऊंची पहाडी पर खडे होकर देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि हनुमान मंदिर पहुचने के मार्ग पर भक्तो का रेला आ रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण इस रमणीय स्थल पर वर्ष भर में मात्र गुरु पूर्णिमा के दिन पत्थरों के नीचे से बिच्छू निकलते है।भक्तों द्वारा पहाडी पर पत्थरों के नीचे से बिच्छुओं को निकालकर आपस में लडाया गया वहीं कईं भक्त इन बिच्छुओं को माचिस की डिबिया में बंद कर घरों तक भी ले आते हैं।
उल्लेखनलीय है कि गुरू पूर्णिमा के दिन पत्थरो केे नीचे से जो बिच्छू निकलते है वे किसी को काटते भी नहीं है। यह इस स्थान का अनूठा चमत्कार है। साथ ही आज हनुमान जी के दर्शन के लिए आगर जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह भी पहुचे तथा हनुमान का आशीर्वाद लिया।
महंत रामचद्रदास महाराज
से लिया भक्तों ने आशीर्वाद
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों द्वारा बल्डावदा हनुमान जी महाराज की कई वर्षों से सेवा करने वाले महंत रामचंद्रदास जी महाराज की भी चरण पूजन कर आशीर्वाद लिया।
सुंदरकांड भक्त मंडल द्वारा किया प्रसादी का वितरण
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुंदरकांड भक्त मंडल द्वारा मंदिर में आने वाले दर्शनार्थियों को प्रसादी का वितरण किया गया।
सांदीपेंद्र आश्रम में हुआ भंडारे का आयोजन
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बगलामुखी मंदिर के समीप स्थित स्वामी सांदीपेंद्र आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया इस अवसर पर भक्तों द्वारा स्वामी सांदीपेंद्र जी महाराज की चरणों की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया इस अवसर पर आश्रम में भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों भक्तों ने उपस्थित होकर महाप्रसादी का लाभ लिया।
इसी प्रकार समीपस्थ ग्राम ताखला मे तारकेश्वर महादेव मंदिर पर भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया जिसमें भक्तों द्वारा पंडित ताराचंद शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।वही ग्राम इकलेरा में स्थित शिव टेकरी पर स्वामी हरिहरानंद जी महाराज की चरण पूजा कर भक्तों द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। वही ग्राम टिकोन में स्थित बाबा रामदेव धाम मे भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंच कर बाबा के सेवक शिवनारायण जी आचार्य के चरण पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
