मक्सी /थाना मक्सी पुलिस ने डीजल और ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल ₹82,250 का माल बरामद किया गया है, जिसमें चोरी गया डीजल, ट्रांसफार्मर ऑयल और उपयोग में लाई गई कार शामिल है।
दिनांक 22 मई 2025 की रात अज्ञात चोरों ने मक्सी के उज्जैन रोड स्थित भड़ाना ट्रांसफार्मर से लगभग 120 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल, जिसकी कीमत ₹30,000 आँकी गई, चोरी कर लिया था। इस पर थाना मक्सी में अपराध क्रमांक 172/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
इसके पश्चात 25 मई 2025 को जायका ढाबे पर खड़े डम्पर से करीब 70 लीटर डीजल (मूल्य ₹6,860) की चोरी की घटना सामने आई, जिस पर थाना मक्सी में अपराध क्रमांक 174/2025 दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक भीमसिंह पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर टीम ने सहारा होटल के आगे रोड किनारे खड़ी पीली मारुति 800 कार (MP09HC-0004) को संदिग्ध पाते हुए तलाशी ली। कार में मौजूद दो व्यक्तियों – अब्दुल करीम पिता अब्दुल रऊफ व गोविन्द मालवीय पिता पीरूलाल मालवीय (उम्र 35), दोनों निवासी शाजापुर – से पूछताछ की गई।
कार की डिक्की से दो 35-35 लीटर केन (कुल 70 लीटर डीजल) व दो हरे रंग के पाइप बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने 25 मई की रात डम्पर से डीजल चोरी करना स्वीकार किया।
आगे की जांच में दोनों आरोपियों ने 22 मई की रात उज्जैन रोड पर ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने की बात भी कबूल की। उनकी निशानदेही पर ग्राम नैनावद से लगभग 105 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल (मूल्य ₹26,250) भी बरामद किया गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल:
70 लीटर डीजल – ₹6,000
105 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल – ₹26,250
मारुति 800 कार – ₹50,000 कुल मिलाकर ₹82,250 का माल जब्त किया।
पूरे अभियान में निरीक्षक भीमसिंह पटेल के साथ सउनि संजय सवनेर, सउनि अभिषेक दीक्षित, प्रआर दिनेशचन्द्र चौधरी, राहुल पटेल, निलेश जामलिया, विरेन्द्र शर्मा, आरक्षक चन्द्रशेखर जाट, तेजपालसिंह, अरुण सितपरा, राहुल जाट, सुरेश मालवीय व चालक आरक्षक जगदीश की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है, जिससे और भी खुलासे होने की संभावना है।