उज्जैन,24 मई। संभागायुक्त श्री संजय गुप्ता की अध्यक्षता एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह की उपस्थिति में सिंहस्थ कार्यों की संभागीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संभागायुक्त श्री गुप्ता ने सिंहस्थ के स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा कर संबंधित कलेक्टर और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की सूक्ष्मता से सतत मॉनिटरिंग करें जिससे सिंहस्थ 2028 के सभी कार्य समयावधि से पूर्व पूर्ण हो सके। कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। संभागायुक्त श्री गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप वह सभी कार्य जिनमें जनता का सीधा हित है,उन सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
बैठक में सिंहस्थ मेला अधिकारी ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सिंहस्थ के सभी बड़े कार्य सिंहस्थ सब डिवीजन को स्थानांतरित कर दे। उज्जैन नगर निगम द्वारा प्रस्तुत फायर फाइटिंग प्लान पर सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री सिंह ने निर्देश दिए कि यह कार्ययोजना व्यवस्थित रूप से बनाकर फेस 2 के कार्यों में प्रस्तुत करे । बैठक में 15 महत्वपूर्ण शिप्रा घाटों के उन्नयन कार्य की समिति द्वारा अनुशंसा की गई और कार्य स्वीकृति के पश्चात कार्य की डीपीआर तुरंत तैयार कर कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश सिंहस्थ मेला अधिकारी ने दिए।
बैठक में संभाग स्तरीय समिति द्वारा उज्जैन, देवास, खंडवा, नीमच,मंदसौर जिलों के सिंहस्थ अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की अनुशंसा भी की गई। बैठक में देवास,उज्जैन,नीमच जिलों के कलेक्टर भौतिक रूप से उपस्थित रहे। कलेक्टर खंडवा एवं प्रभारी कलेक्टर मंदसौर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उपस्थित रहे। बैठक में संभाग के संबंधित विभाग के संभागीय एवं जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।