इंदौर – पंजाब नैशनल बैंक के इंदौर मंडल द्वारा दो दिवसीय होम लोन एक्सपो का शुभारंभ शुक्रवार की सुबह शहर के सुप्रसिद्ध गायक गौतम काले ने किया। जंजीरवाला चौराहा स्थित बास्केट बॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित बैंक के एक्सपो में ग्राहकों को होम लोन की सैद्धांतिक स्वीकृति 72 घंटे के अंदर दी जाएगी। एक्सपो में पीएनबी सूर्य घर योजना के अंतर्गत घर की छतों पर सोलर पैनल लगाने हेतु भी लोन तत्काल स्वीकृत किए जा रहे हैं। पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने एक्सपो में पहुंच कर बैंक की लोन योजनाओं की जानकारी ली। ग्राहकों को लोन स्वीकृत कर स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि गौतम काले ने इस अवसर पर कहा कि खुशी की बात है कि बैंक आम लोगों के अपने घर के सपनो को पूरा करने में मदद कर रहा है। पात्र ग्राहकों तक बैंक अब स्वयं पहुंच रहा है। आपने बैंक अधिकारियों से आग्रह किया कि बैंक की योजनाओं में कलाकारों के लिए रियायती दरों पर लोन देने की शुरुआत करें।
मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि बैंक का 130 वर्षों का लम्बा इतिहास है। बैंक ने राष्ट्र की आर्थिक उन्नति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दिया है। आने वाले समय में देश की इकोनॉमी को दुनिया में तीसरे नंबर पर लाने में रियल सेक्टर का बड़ा योगदान रहेगा इसीलिए हमारा बैंक इस सेक्टर को आगे बढ़ाने में हर तरह की मदद करने को तैयार है। आपने सूर्य घर योजना के बारे में कहा कि इस योजना के माध्यम से शहर के पर्यावरण को स्वच्छ करने में बैंक सहायक होगा।
उल्लेखनीय है कि पीएनबी द्वारा आयोजित दो दिवसीय एक्सपो में आने वालों को अनेक विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। होम लोन पर प्रोसेसिंग फीस में पूर्ण छूट दी जा रही है। सूर्य घर योजना के अंतर्गत घर की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए 10 लाख रूपए तक का लोन तत्काल स्वीकृत किया जा रहा है। एक्सपो में शहर के रियल सेक्टर के प्रमुख बिल्डर्स और डेवलपर्स के स्टॉल हैं जहां इस क्षेत्र की सभी जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। सोलर पैनल लगाने वाली कंपनियां भी एक्सपो में सारी जानकारी के साथ इस पर मिलने वाली सबसिडी की जानकारी भी दे रही है।
पीएनबी का एक्सपो शनिवार शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
