इंदौर – देश के सार्वजनिक क्षेत्र के अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया ने दिनांक 19.07.2024 को कृषि माह के अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया के “मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ फील्ड महाप्रबंधक कार्यालय” के तत्वावधान में इंदौर के “अभय प्रशाल” में किसान मेले का विशाल आयोजन किया, इस कार्यक्रम में बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ श्री रजनीश कर्नाटक जी की गौरवमयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री रजनीश कर्नाटक जी बैंक के इंदौर, उज्जैन तथा धार अंचल के तहत कार्यरत शाखाओं के लगभग 700 किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों को ऋण मंजूरी पत्र जारी किए। बैंक के उक्त तीनों अंचलों द्वारा किसानों तथा स्वयं सहायता समूहों को इस अवसर पर कुल रु 240 करोड़ की धनराशि का ऋण संवितरित किया गया। उल्लेखनीय है कि बैंक ऑफ इंडिया द्वारा पूरे देश में किसान माह को प्रतिबद्धता के साथ उच्च स्तर पर मनाया जा रहा है।
किसान माह के दौरान आयोजित होने वाले इस किसान मेले में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को उन्नत खेती, खाद, कीटनाशकों तथा नए बीजों की जानकारी प्रदान की। इस मेले में बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न उत्पादों की जानकारी देने के लिए विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए। स्टॉल पर किसानों को बैंक की कृषि से संबंधित सभी ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। श्री रजनीश कर्नाटक जी सदैव कृषि विकास की गति एवं दिशा में तीव्रता तथा सघनता लाने की नितांत जरूरत पर बल देते हैं, चूँकि आज तकनीकी का युग है, अतः बैंक चाहता है कि – न सिर्फ कृषि का उत्पादन बढ़ाया जाए, बल्कि उसे सही समय से बाजार तक पहुँचाया भी जाए, जिससे कि उन्हें मेहनत का अधिकाधिक लाभ मिल सके।
बैंक ऑफ इंडिया के स्टॉल पर जरूरतमंद किसानों को कृषि संबंधित बैंक की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जरूरतमंद किसानों से त्वरित ऋण संबंधी प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए। बैंक ऑफ इंडिया अपने आरंभिक काल से ही किसानों के साथ रिश्तों को बनाने फिर उसको और गहरा बनाने में विश्वास रखता है। यह विश्वास हैं कि मेले के दौरान बैंक ऑफ इंडिया के स्टॉल पर आकर हमारे किसान भाई निश्चित रूप से अधिकाधिक लाभांवित हुए हैं, क्योंकि कृषि योजनाओं के साथ-साथ अन्य आकर्षक योजनाओं की जानकारी उनको दी गई।
किसान मेले के इस विशाल कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया भोपाल के फील्ड महाप्रबंधक कार्यालय से महाप्रबंधक श्री प्रमोद द्विवेदी, प्रधान कार्यालय से कृषि महाप्रबंधक श्री नकुल बेहरा तथा मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष श्री रमेश बेहरा ने भाग लिया। किसान मेले के इस विशाल आयोजन का प्रबंधन बैंक के इंदौर अंचल के आंचलिक प्रबन्धक श्री राजेश कुमार ने किया।
