गाजियाबाद, । कवि कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की गई है। उनका आरोप है कि उनके सुरक्षाकर्मियों की कार को टक्कर भी मारी गई है। इस मामले की पुलिस में शिकायत भी की गई है। वहीं दूसरी तरफ पल्लव वाजपेयी नाम के डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि कुमार विश्वास के काफिले में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। कुमार विश्वास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बतलाया है कि उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की गई है। यह घटना हिंडन नदी के समीप की है। उन्होंने पोस्ट करते हुए कहा कि उनके सुरक्षाकर्मी की कार को न केवल टक्कर मारी गई बल्कि रोक कर मारपीट भी की गई है। कुमार ने एक्स पर लिखा है कि आज अलीगढ़ जाते समय वसुंधरा स्थित घर से जब निकला तो हिंडन के तट पर, किसी कार चालक ने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की कार पर दोनों ओर से कार की टक्कर से हमला करने की कोशिश की। कुमार ने आगे लिखा कि जब नीचे उतर कर सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका तो उसने न केवल यूपी पुलिस के सिपाही अपितु केंद्रीय बलों के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया। पुलिस को रिपोर्ट कर दी गई है। …..
इस मामले में एक पक्ष और सामने आया है जिसके मुताबिक पल्लव वाजपेयी नाम के डॉक्टर का आरोप है कि कुमार विश्वास के काफिले में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने दरअसल उनके साथ मारपीट की है। इसके साथ ही उक्त डॉक्टर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें उनके चेहरे पर खून नजर आया है। उन्होंने कहा कि मारपीट किये जाने पर उन्होंने ही 112 पर पुलिस को मामले की जानकारी दी है।
