मुंबई । उद्योगपति मुकेश अंबानी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। अबकी बार धमकी देने वाले ने ईमेल के जरिए 200 करोड़ रुपये की मांग की है। इससे पहले उसने 20 करोड़ की मांग की थी। धमकी देने वाले ने कहा है कि अभी तक ईमेल का जवाब नहीं दिया है। इसलिए अब 200 करोड़ रुपये देने होंगे। इससे एक बार फिर पुलिस सक्रिय हो गई है। देश के बड़े उद्योगपतियों में से एक मुकेश अंबानी को जान से मारने की धमकी वाला मेली एक बार फिर उसी ईमेल अकाउंट से आया है। ईमेल करने वाले ने इसमें कहा है कि अभी तक हमारे ईमेल का जवाब नहीं दिया है। इसलिए अब 200 करोड़ रुपये देने होंगे। ऐसा न किया तो ध्यान रहे कि डेथ वारंट पर सिग्नेचर हो चुके हैं। इससे पहले धमकी देने वाले शख्स ने 27 अक्टूबर को भी एक मेल किया था। मुकेश अंबानी की कंपनी के ईमेल आईडी पर भेजे गए ईमेल में लिखा था, यदि 20 करोड रुपये नहीं दिए तो हम तुम्हें जान से मार देंगे, हम इंडिया के सबसे अच्छे शूटर हैं। इस ईमेल के मिलने के बाद मुकेश अंबानी के सिक्योरिटी इंचार्ज की शिकायत पर मुंबई की गामदेवी पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 387 और 506 (2) के तहत मामला दर्ज किया था। धमकी भरे इस ई-मेल में ये भी लिखा था कि पैसे नहीं देने पर वो मुकेश अंबानी पर हमला करवा सकता है, क्योंकि उसके पास देश के अच्छे शूटर्स हैं। इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में भी दक्षिण मुंबई के सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में एक शख्स ने फोन किया था। उसने अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
तब कॉल करने वाले ने मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी का नाम लेकर उनकी जान लेने की भी धमकी दी थी। साथ ही मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया को भी उड़ाने की धमकी दी थी।
