नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर 6 सितंबर को रवाना होंगे। प्रधानमंत्री इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के निमंत्रण पर जकार्ता जा रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी इंडोनेशिया द्वारा आयोजित 20वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 18वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। फिलहाल इंडोनेशिया आसियान की अध्यक्षता कर रहा है।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन 2022 में भारत-आसियान संबंधों के व्यापक रणनीतिक साझेदारी में बदलने के बाद पहला शिखर सम्मेलन है। इस शिखर सम्मेलन के दौरान भारत-आसियान संबंधों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही सहयोग को लेकर भविष्य की दिशा तय की जाएगी।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आसियान देशों के नेताओं और भारत सहित इसके आठ भागीदारों को क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगा।
ज्ञात रहेकि भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारी अंतिम चरण में है। भारत फिलहाल जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। ऐसे में 9 और 10 सितंबर को नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाना है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस सहित विभिन्न देशों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
