नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी को पत्र लिखा है। आप के राष्ट्रीय संयोजक का भी पद संभालने वाले केजरीवाल ने दोनों नेताओं को दिल्ली वाले बिल पर संसद में साथ देने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दशकों तक याद रखा जाएगा। केजरीवाल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी को लिखा, जीएनसीटीडी (अमेंडमेंट) बिल 2023 को आपकी पार्टी की ओर से खारिज किए जाने और इसके खिलाफ वोटिंग के लिए मैं दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की तरफ से कृतज्ञता वक्त करता हूं। उन्होंने संसद के बाहर और अंदर बिल के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कांग्रेस नेताओं की तारीफ भी की।
केजरीवाल ने कहा, मुझे विश्वास है कि संविधान के सिद्धांतों के प्रति आपकी अटल निष्ठा को दशकों तक याद किया जाएगा। केजरीवाल ने बिल के पास हो जाने के बावजूद कांग्रेस के साथ बने रहने का संकेत देकर कहा, संविधान की अनदेखी करने वाली ताकतों के खिलाफ लड़ाई में आपका समर्थन मिलते रहने का विश्वास है।
कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन चलाकर राजनीति में उतरने वाले केजरीवाल मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी गठबंधन में शामिल हो चुके हैं। इंडिया नाम से बनाए गए गठबंधन में कांग्रेस और आप सहित 26 दल हैं। हालांकि, अरविंद केजरीवाल की पार्टी इससे पहले भी कांग्रेस से समर्थन ले चुकी है।
