मुंबई । आतंकियों ने एक मैसेज भेजकर मुंबई में एक बार फिर 26/11 जैसे हमले की धमकी दी है। पुलिस को मिली इस धमकी में यह कहा गया है कि एक बार फिर मुंबई दहलने वाली है। यह धमकी मुंबई ट्रैफिक कंट्रोल को आई है। इस मैसेज में अज्ञात शख़्स ने धमकी दी है कि यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार और मोदी सरकार निशाने पर है। इतना ही नहीं आरोपी ने मैसेज में आगे कहा कि कुछ जगह कारतूस और एके 47 पहुंच गए हैं। मैसेज से मिली धमकी में कहा गया है कि मुंबई में 26/11 हमला दोहराया जाएगा। मुंबई पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। और अज्ञात शख़्स की तलाश में जुट गई है। इस मामले में वर्ली पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 509 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि कि पांच दिन पहले मुंबई पुलिस को एक धमकी भरा फोन कॉल आया था। हालांकि, इस बार मैसेज के जरिये धमकी दी गयी है। पिछली बार जो धमकी आई थी उसमें पाकिस्तान से आई सीमा हैदर को वापस भेजने की बात कही गयी थी। जबकि इस बार सीधा योगी और मोदी सरकार को निशाना बनाने की बात कही गयी है। हालांकि फिलहाल सीमा हैदर से यूपी पुलिस पूछताछ कर रही है। सरहद पार से आई सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत की जैस्माबाद की रहने वाली है। डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, गुलाम रजा नाम के शख्स से 2014 में उसकी शादी हुई थी। उसके चार बच्चे भी हैं। सीमा हैदर को अवैध रूप से भारत में रहने को लेकर अरेस्ट किया गया था।
