नई दिल्ली । दिल्ली में बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच उपराज्यपाल वीके सक्सेना और दिल्ली सरकार के मंत्रियों के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है।
दरअसल, यमुना पर एक ड्रेन रेगुलेटर फेल होने के बाद आईटीओ पर यमुना का पानी घुस आया। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। इसे लेकर शुक्रवार को एलजी वीके सक्सेना और दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज के बीच मीडिया के सामने ही बहस देखने को मिली।
एलजी वीके सक्सेना ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, उनके दो मंत्रियों आतिशी और सौरभ भारद्वाज के साथ आईटीओ स्थित विकास भवन में उस जगह का दौरा किया, जहां गुरुवार रात एक ड्रेन रेगुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए एलजी ने कहा, गेट नंबर 12 टूट जाने की वजह से यमुना का पानी आईटीओ की तरफ जा रहा है। इसको रोकने के लिए सेना, एनडीआरएफ, सिंचाई विभाग, बाढ़ विभाग और अन्य सभी विभागों की टीमें काम कर रही हैं। इसी दौरान सौरभ भारद्वाज ने एलजी को टोक दिया।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, मैंने रात से कई अधिकारियों से एनडीआरएफ और सेना को शामिल करने की अपील की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब एनडीआरएफ आई है और हम इनका शुक्रिया अदा करते देते हैं कि जल्द ही टीम हालत पर काबू पाने में सफल होगी। लेकिन मुख्य सचिव के ग्रुप में मौजूद होने के बावजूद किसी अधिकारी ने जवाब नहीं दिया।
