नई दिल्ली । केंद्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भुवनेश्वर आने-जाने के हवाई किराए में किसी भी असामान्य वृद्धि पर नजर रखते हुए एयरलाइनों को एक एडवाइजरी भेजी है। ओडिशा में दुर्भाग्यपूर्ण रेल हादसे के मद्देनजर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइनों को सलाह दी है कि वे भुवनेश्वर और राज्य के अन्य हवाईअड्डों के हवाई किराए में किसी भी असामान्य वृद्धि की निगरानी करें और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करें।
मंत्रालय ने कहा है कि, इसके अलावा घटना के कारण उड़ानों का कैंसिलेशन या रीशेड्यूलिंग बिना पेनल चार्ज के किया जा सकता है।
इस बीच पीएम मोदी ने ओडिशा के कटक में बालासोर में हुए ट्रेन हादसे के घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, यह एक दर्दनाक घटना है। सरकार घायलों के इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। यह एक गंभीर घटना है, इसकी हर तरह से जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। दोषी पाए जाने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। रेलवे ट्रैक की बहाली की दिशा में काम कर रहा है। मैंने घायल पीड़ितों से मुलाकात की है।
रेलवे के सूत्रों के अनुसार उस ट्रैक, जिस पर हादसा हुआ है, को सुधारने में वक्त लगेगा। उस रूट की अन्य ट्रेनों को ऑपरेशनल करने में अभी वक्त लगेगा।
डाउनलाइन दुरुस्त करने में करीब 12 घंटे लगेंगे। डाउनलाइन पर यशवंतपुर-हावड़ा एक्सप्रेस गुजर रही थी। फिलहाल अप लाइन क्लियर होने में अभी वक्त लगेगा। इस पर कोरोमंडल एक्सप्रेस है।
