मुकेश अंबानी फिर बन गए एशिया के सबसे बड़े रईस
नई दिल्ली । अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग फर्म हिडेन बर्ग रिसर्च ने गौतम अदानी को तगड़ा झटका दिया है। अडानी ने पिछले साल 44 अरब डॉलर की कमाई की थी लेकिन पिछले पांच दिनों में वह इससे ज्यादा रकम गंवा चुके हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक इस साल अदानी अब तक 48.5 अरब डॉलर (करीब 3961724925000 रुपए) की नेटवर्थ गंवा चुके हैं। अदानी ग्रुप के सभी दस शेयरों में बुधवार को भारी गिरावट आई। इससे अडानी को एक ही दिन में 12.5 अरब डॉलर का फटका लगा और उनकी नेटवर्थ 72.1 अरब डॉलर रह गई। वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 13वें नंबर पर खिसक गए हैं। साथ ही एशिया में भी उनकी बादशाहत छिन गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं।
हिडेन बर्ग रिसर्च की पिछले हफ्ते आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अदानी ग्रुप दशकों से खुल्लम-खुल्ला शेयरों में गड़बड़ी और अकाउंट धोखाधड़ी में शामिल रहा है। हालांकि अदानी ग्रुप ने इस रिपोर्ट को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा है कि यह एफपीओ से पहले उसे बदनाम करने की साजिश है लेकिन इससे अदानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई है। ग्रुप की कंपनियों का मार्केट कैप करीब 90 अरब डॉलर घट गया है। इस रिपोर्ट के आने से पहले अदानी दुनिया के अमीरों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे लेकिन अब वह 13वें नंबर पर खिसक गए हैं। उनकी नेटवर्थ में ज्यादातर गिरावट पिछले एक हफ्ते में आई है।
मंगलवार को अदानी ग्रुप की दस में से सात कंपनियों के शेयरों में तेजी आई थी लेकिन बुधवार को सभी शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदानी एंटरप्राइजेज का शेयर 25 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह अदानी पावर में 20 फीसदी अदानी पोर्ट्स में 20 फीसदी अंबूजा सीमेंट्स में 19.26 फीसदी अदानी टोटल गैस में 10 फीसदी अदानी ग्रीन एनर्जी में 8.08 फीसदी एसीसी लिमिटेड में 6.34 फीसदी अदानी ट्रांसमिशन में 5.75 फीसदी एनडीटीवी में पांच फीसदी और अडानी विल्मर में पांच फीसदी गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं। हालांकि बुधवार को उनकी नेटवर्थ में 49.1 करोड़ डॉलर की गिरावट आई। वह 81 अरब डॉलर के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 12वें और एशिया में पहले नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 6.08 अरब डॉलर की गिरावट आई है। दिलचस्प बात है कि इस साल दुनिया के टॉप 39 रईसों में से केवल अडानी और अंबानी की नेटवर्थ में गिरावट आई है बाकी सबके नेटवर्थ में इस साल तेजी आई है। पिछले साल अदानी सबसे ज्यादा कमाई करने वाले शख्स थे और इस साल उन्होंने सबसे ज्यादा नेटवर्थ गंवाई है।
ये हैं दुनिया के टॉप टेन रईस
फ्रांस के कारोबारी बर्नार्ड आरनॉल्ट 191 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में पहले नंबर पर बने हुए हैं। टेस्ला स्पेसएक्स और ट्विटर के मालिक एलन मस्क 169 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। ऐमजॉन के जेफ बेजोस (129 अरब डॉलर) तीसरे माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स (113 अरब डॉलर) चौथे दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट (108 अरब डॉलर) पांचवें लैरी एलिसन (103 अरब डॉलर) छठें लैरी पेज (92.7 अरब डॉलर) सातवें स्टीव बाल्मर (90.2 अरब डॉलर) आठवें सर्गेई ब्रिन (89.1 अरब डॉलर) नौवें नंबर और कार्लोस स्लिम (85.7 अरब डॉलर) पर हैं।
