गांधीनगर । गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। दूसरे चरण में 14975 बूथों पर इस समय मतदान चल रहा है। जिन पर 1।13 लाख चुनाव कर्मचारी तैनात किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव में अपना वोट डालने साबरमती विधानसभा क्षेत्र के रानिप में निशान पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र पैदल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रास्ते में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
पीएम नरेंद्र मोदी मतदान करने के दौरान लाइन में लगे। पीएम मोदी को देखते ही मतदानकर्मी खड़े हो गए तो पीएम मोदी ने उन्हें बैठकर अपना काम करते रहने को कहा। मतदान करने के बाद जब वह बाहर निकले तो उन्होंने वहां जनता का अभिवादन किया। इस दौरान पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए साबरमती विधानसभा क्षेत्र के रानिप बूथ के बाहर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। गुजरात के अहमदाबाद में प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे भी पहुंचे थे। वोट डालने के बाद मतदान केंद्र से बाहर निकल कर पीएम मोदी सड़कों पर पैदल घूमे।
182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा की 93 सीटों के लिए इस चरण में सोमवार को मतदान चल रहा है। 61 राजनीतिक दलों के कुल 833 उम्मीदवार मैदान में हैं। माना जा रहा है कि भाजपा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच इस बार मुख्य मुकाबला है। दूसरे चरण में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी अहमदाबाद के बूथ नंबर 95 शिलाज अनुपम स्कूल में अपना वोट डाला।
