नई दिल्ली । ट्विटर ने भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी कर दी है। कर्मचारियों की संख्या में कटौती से इंजीनियरों सहित कंपन में अन्य सभी कार्यक्षेत्रों में काम करने वाले इससे प्रभावित हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि ट्विटर ने भारत में मार्केटिंग और कम्युनिकेशन विभाग को पूरी तरह से बर्खास्त कर दिया है। सूत्रों ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के नए मालिक एलोन मस्क द्वारा ट्विटर की आर्थिक स्थिति को ठीक करने और 44 बिलियन डॉलर के इसके अधिग्रहण को व्यवहारिक बनाने के लिए दुनिया भर में कर्मचारियों की संख्या में कटौती की है।
दुनिया के सबसे अमीर व्यवसायी मस्क ने पिछले हफ्ते ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल के साथ-साथ मुख्य वित्तीय अधिकारी और कुछ अन्य शीर्ष अधिकारियों को निकालकर अपनी पारी की शुरुआत की थी।
एक अन्य सूत्र ने कहा कि छंटनी ने भारतीय टीम के ‘महत्वपूर्ण हिस्से’ को प्रभावित किया है। हालांकि, अभी छंटनी का पूरा ब्योरा नहीं मिला है। ट्विटर इंडिया ने इस संबंध में ईमेल के जरिए किए गए सवालों का जवाब खबर लिखे जाने तक नहीं दिया था।
मस्क के ट्विटर के अधिग्रहण से पहले ही इस तरह की चर्चा थी कि वह सोशल मीडिया कंपनी में कर्मचारियों की संख्या में कटौती करेंगे। कुछ खबरों में तो यहां तक कहा गया है कि वह कर्मचारियों की संख्या में 75 प्रतिशत की कमी करेंगे।
