नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अक्टूबर को किसान सम्मान निधि की 12वीं किस्त जारी करेंगे। सम्मान निधि योजना की 2000 रुपए की किस्त का किसान लंबे समय से बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि पीएम किसान योजना के तहत हर चार महीने के अंतराल पर मिलने वाली यह राशि दो-दो हजार रुपए की होती है। इसके तहत साल भर में किसानों को कुल 6 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस बार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) के तहत प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से 16,000 करोड़ रुपए की 12वीं किस्त जारी की जाएगी। अभी तक इस योजना के तहत किसानों को 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक का लाभ प्राप्त हो चुका है। प्रधानमंत्री 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में लगभग साढ़े 11 बजे ‘पीएम किसान सम्मान सम्मेलन 2022’ का उदघाटन करेंगे। इसी दौरान पीएम-किसान निधि जारी की जाएगी। यह आयोजन देशभर के 13,500 से अधिक किसानों और लगभग 1500 कृषि स्टार्टअप्स को एक मंच पर लाएगा। इस कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों से एक करोड़ से अधिक किसानों के वर्चुअली रूप से शामिल होने की उम्मीद है। इस सम्मेलन में शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं और अन्य हितधारकों की भागीदारी भी होगी।
प्रधानमंत्री भारतीय जन उर्वरक परियोजना एक राष्ट्र एक उर्वरक का भी शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत प्रधानमंत्री भारत यूरिया के थैली जारी करेंगे। कृषि में स्टार्टअप्स इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री कृषि स्टार्टअप्स सम्मेलन और प्रदर्शनी का भी उदघाटन करेंगे। इस बार पीएम किसान योजना के लाभार्थियों की संख्या में भारी कमी आ सकती है। उत्तर प्रदेश में 21 लाख किसान पीएम किसान योजना के लिए अयोग्य घोषित किए गए हैं। देश के अन्य राज्यों में बड़ी संख्या में किसान अयोग्य पाए जा रहे हैं। लाभार्थी सूची में अपना नाम देखने के लिए पीएम किसान योजना की ऑफिशियल वेबसाइट देखें। फार्मर्स कॉर्नर पर क्लिक करने के बाद बेनेफिशियरी स्टेटस ऑप्शन पर क्लिक करें। आपके सामने नया पेज खुलकर सामने आ जाएगा। यहां आप अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर डालें. यहां आपके सामने आपकी आगामी किस्त की सारी जानकारी आ जाएगी।
