नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर के मौसम में पिछले कुछ दिनों में बदलाव आया है। नोएडा के कुछ इलाकों में मंगलवार सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम में बदलाव जारी रहेंगे। मंगलवार और बुधवार दोनों दिन दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में धुंध दिखाई दी और मंगल वार को भी ऐसा ही मौसम है। हालांकि यह बदलाव मौसम की वजह से नहीं बल्कि प्रदूषण बढ़ने की वजह से हुआ है।
आने वाले दिनों में यह स्तर और भी बढ़ सकता है। नोएडा में सुबह-सुबह कुछ इलाकों में बारिश हुई, हालांकि यह बहुत देर तक नहीं हुई। आज और कल बादल छाए रहेंगे। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इन दो दिनों में तापमान 33 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 21 सितंबर तक हवाओं की रफ्तार काफी कम रहेगी। ऐसे में मौसम में बदलाव अभी जारी रहेंगे।
राजधानी में सीजन की पहली धुंध सोमवार से ही नजर आने लगी है। प्रदूषण भी पिछले तीन दिनों के मुकाबले अधिक बढ़ गया है। पीएम 2.5 की मात्रा भी अधिक है। वहीं आज और कल दो दिनों तक प्रदूषण खराब स्तर पर रहने की संभावनाएं हैं। आईआईटीएम पुणे के अनुसार, 18 सितंबर से ही सुबह व शाम के समय हवाएं कमजोर हो रही हैं। इसी वजह से प्रदूषण भी बढ़ गया है। सोमवार को राजधानी का एक्यूआई 119 था जो मंगलवार को बढ़कर 182 पहुंच गया। बहादुरगढ़ में यह 137, भिवाड़ी में 187, फरीदाबाद में 178, गाजियाबाद में 185, ग्रेटर नोएडा में 170, गुरुग्राम में 191, मानेसर में 167 और नोएडा में 165 रहा।
