नई दिल्ली । भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की वेबसाइट के मुताबिक जन्माष्टमी के अवसर पर देश भर के अधिकांश निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, तारीख को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बैंक ही नहीं सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कुछ राज्यों में बैंक 18 अगस्त को बंद रहेंगे, तो कुछ में 19 अगस्त को बैंकों में छुट्टी रहेगी। हरियाणा सरकार ने अधिसूचित किया है कि सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में 19 अगस्त को जन्माष्टमी की छुट्टी रहेगी। हालांकि, कई राज्यों में 18 अगस्त को बैंक और सरकारी कार्यालय कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बंद रहेंगे। कानपुर, देहरादून, भुवनेश्वर और लखनऊ में 18 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के चलते बैंक बंद रहेंगे। वहीं अहमदाबाद, गंगटोक, चंडीगढ़, चेन्नई, जम्मू, जयपुर, पटना, भोपाल, रांची, रायपुर, श्रीनगर, शिमला और शिलांग में 19 अगस्त को बैंक बंद रहेंगे। जबकि, हैदराबाद में 20 अगस्त को बैंकों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी रहेगी।
जन्माष्टमी के दौरान कुछ शहरों में दोनों दिन बैंक खुले रहेंगे। जन्माष्टमी के दौरान अगरतला, आइजोल, बेलापुर, बेंगलुरु, गुवाहाटी, इंफाल, कोच्चि, कोलकाता, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पणजी और तिरुवनंतपुरम आदि शहरों में बैंक खुले रहेंगे। यहां बैंकों में छुट्टी नहीं है। जन्माष्टमी के अवसर पर बैंकों में तो छुट्टी है, लेकिन भारतीय शेयर बाजार खुले रहेंगे। इनवेस्टर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शेयर खरीद और बेच सकते हैं। नेशनल स्टाक एक्सचेंज और बाम्बे स्टाक एक्सचेंज में कारोबार होता रहेगा। गौरतलब है कि हिंदू धर्म शास्त्रों के मुताबिक भगवान श्रीकृष्ण का जन्म रात को 12 बजे हुआ था। ऐसे में जन्माष्टमी 18 अगस्त 2022 को होगी। हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि 19 अगस्त को पूरे दिन अष्टमी तिथि होगी। उदयातिथि के अनुसार 19 अगस्त को जन्माष्टमी मनाई जाएगी।
