चक्रवात ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश में मचाई तबाही, कई मकान क्षतिग्रस्त; मुख्यमंत्री नायडू ने अमित शाह को लिखा पत्र
Spread the love हैदराबाद, 28 अक्टूबर । चक्रवात...
Spread the love हैदराबाद, 28 अक्टूबर । चक्रवात...
Spread the love नई दिल्ली, 28 अक्टूबर ।...
Spread the love – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने...
Cyclone Arnab Effect in CG : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में आसमान में बादल छाए हैं, जबकि बस्तर संभाग में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम के खतरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, रेलवे ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं।
छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, कई जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर को दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं।
28 अक्टूबर को इन जिलों में रेड अलर्ट
रेड अलर्ट: बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव।
ऑरेंज अलर्ट: कांकेर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, मुंगेली और सारंगढ़-बिलाईगढ़।
येलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा और नारायणपुर।
29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई है।
रेड अलर्ट: कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर और बलरामपुर।
ऑरेंज अलर्ट: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा और जांजगीर-चांपा।
येलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, कांकेर, बीजापुर और नारायणपुर।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में 28 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस अवधि में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा।
चक्रवात के असर से ट्रेन सेवाएं प्रभावित
तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए दक्षिण तट रेलवे ने एहतियाती कदम उठाए हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, केके लाइन पर चलने वाली ट्रेनों समेत कुल 56 ट्रेन सेवाओं को रद्द या पुनर्निर्धारित किया गया है, जबकि 15 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। ये बदलाव 27, 28 और 29 अक्टूबर के लिए घोषित किए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और आपातकालीन नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें।
इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित
खराब मौसम और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला कलेक्टरों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार शासकीय और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंतेवाड़ा, बीजापुर, बालोद, कांकेर और राजनांदगांव में बुधवार, 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। संबंधित जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
कांकेर में कलेक्टर अमित कुमार के निर्देश पर संवेदनशील और झुग्गी-बस्ती वाले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। राहत शिविरों में भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अगले दो दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका है। गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आंधी के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों से दूर रहें। खुले स्थानों पर रुकने से बचें और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित जगह पर रहें। प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें।
